Xiaomi Watch 5
Xiaomi ने चीन में अपने नए फ्लैगशिप स्मार्टवॉच Xiaomi Watch 5 को पेश कर दिया है। यह वॉच प्रीमियम डिजाइन, एडवांस हेल्थ फीचर्स और स्मार्ट कनेक्टिविटी का कॉम्बिनेशन लेकर आती है।
Xiaomi Watch 5 में गोल शेप का 1.54‑इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रिफ्रेश रेट 60Hz है। स्क्रीन 480×480 पिक्सल रेजोल्यूशन और 1,500 निट्स तक की ब्राइटनेस सपोर्ट करती है, जिससे धूप में भी डिस्प्ले साफ नजर आता है। आगे और पीछे दोनों तरफ सिंथेटिक सैफायर ग्लास दिया गया है, जो स्क्रैच से अच्छी सुरक्षा देता है। स्टेनलेस स्टील बॉडी वाली यह वॉच बिना स्ट्रैप 56 ग्राम वजनी है और इसकी मोटाई 12.3mm है। साथ ही इसमें 5ATM वाटर रेजिस्टेंस भी मिलता है।

सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह स्मार्टवॉच Xiaomi HyperOS 3 पर चलती है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें डुअल‑चिप सिस्टम दिया गया है, जिसमें Qualcomm Snapdragon W5 के साथ एक लो-पावर Hengxuan 2800 चिप शामिल है, जिससे पावर एफिशिएंसी बेहतर होती है।
हेल्थ और फिटनेस के मामले में Xiaomi Watch 5 काफी एडवांस है। इसमें 24×7 हार्ट रेट मॉनिटरिंग, ECG, SpO2, स्ट्रेस ट्रैकिंग और स्लीप एनालिसिस जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा 150 से ज्यादा स्पोर्ट्स मोड सपोर्ट किए गए हैं। रनिंग और आउटडोर एक्टिविटी के लिए इसमें फुल‑कलर ऑफलाइन मैप्स की सुविधा भी दी गई है।
बैटरी सेक्शन में इस वॉच को 930mAh की बैटरी मिलती है। कंपनी के अनुसार नॉर्मल इस्तेमाल में यह करीब 6 दिन तक चल सकती है, जबकि पावर‑सेविंग मोड में इसकी बैटरी लाइफ 18 दिन तक पहुंच जाती है।

एक खास फीचर इसका ECG-आधारित जेस्चर कंट्रोल है। यह हाथ की मसल्स के सिग्नल पहचानकर कॉल रिसीव करना, अलार्म बंद करना, फोटो लेना, म्यूजिक कंट्रोल करना जैसे काम बिना टच के कर सकता है।
कनेक्टिविटी के लिए इसमें Bluetooth 5.4, Wi-Fi, NFC, GPS और eSIM सपोर्ट दिया गया है। डिजाइन के मामले में यह सिल्वर और ब्लैक केस कलर में आती है। स्ट्रैप ऑप्शन में रबर, लेदर और खास 3D‑प्रिंटेड TC4 टाइटेनियम स्ट्रैप शामिल हैं।
कीमत की बात करें तो रबर स्ट्रैप वाला वेरिएंट CNY 1,999 में लॉन्च हुआ है। eSIM के साथ लेदर स्ट्रैप वेरिएंट की कीमत CNY 2,299 रखी गई है। वहीं 3D‑प्रिंटेड टाइटेनियम स्ट्रैप अलग से CNY 799 में मिलेगा, जो ब्लैक और सिल्वर दोनों रंगों में उपलब्ध है।